बैतूल के ग्राम भडूस में नेहा साहू के परिवार को अब बारिश के दिनों में कच्चे मकान की परेशानियों से नहीं जूझना पड़ेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मिली सहायता के बाद परिवार ने अपना पक्का घर बना लिया है।
नेहा साहू का परिवार मजदूरी से गुजर-बसर करता है। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण करीब 20 वर्षों से पक्का मकान बनाने की इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी।
पात्रता मिलने पर मिली 1.20 लाख की सहायता
नेहा ने पक्के मकान के लिए ग्राम पंचायत में आवेदन किया था। आवेदन के परीक्षण में पात्र पाए जाने के बाद उन्हें योजना का लाभ स्वीकृत हुआ और 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली।
इस राशि की मदद से परिवार ने पुराने कच्चे मकान की जगह पक्का आवास तैयार कराया। अब नेहा और उनका परिवार इसी सुरक्षित घर में रह रहा है।
दो दशक पुरानी इच्छा हुई पूरी
नेहा साहू के अनुसार, योजना ने उनके परिवार की पक्के घर की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी की है। उन्होंने आवास मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
