सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, खकनार में ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अभियान से जुड़ने एवं जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल, नेपानगर में नशामुक्त अभियान एवं ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित भी किया गया। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिरपुर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
वहीं माध्यमिक शाला सिरसोदा में भी विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर अभियान में सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया गया।
