छिंदवाड़ा में 11वें आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का जिलेभर में आयोजन हुआ। जिला चिकित्सालय के आयुष विंग में लगे मुख्य निःशुल्क शिविर में 310 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और उपचार दिया गया।

सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू की उपस्थिति में हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम का संचालन जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन और जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण रघुवंशी के समन्वय में किया गया। वर्ष 2026 के आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है।

76 आयुष संस्थानों तक पहुंचा अभियान

जिले के सभी 76 आयुष संस्थानों में विशेष स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता शिविर लगाए गए। इनमें लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, आयुष चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़ी जानकारी दी गई।

87 बच्चों को कराया गया स्वर्णप्राशन

जिला स्तरीय शिविर में नाड़ी परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही। यहां 87 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया, जबकि ‘कुपोषण से सुपोषण’ विषय के तहत बच्चों और अभिभावकों को पोषण तथा संतुलित आहार की जानकारी दी गई।

ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में 630 प्रतिभागी

विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए आयोजित ऑनलाइन आयुर्वेद प्रश्नोत्तरी में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से 630 प्रतिभागी जुड़े। चिकित्सकों ने दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग, व्यायाम, संतुलित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली की भूमिका समझाई।