अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्थानीय वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन थे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अंशुल गोयल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव व उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री कमलेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि वृद्धजनों की उचित देखरेख हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है। वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है। उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाता है तथा यह प्रयास है कि यहां निवासरत किसी भी बुजुर्ग को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में भी हमें समय निकालकर वृद्धजनों की सेवा और उनके साथ समय बिताने के लिए आगे आना चाहिए। हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि किसी भी बुजुर्ग को किसी प्रकार का कष्ट न हो।
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अंशुल गोयल ने कहा कि वृद्धजन अनुभव की किताब हैं। उनके जीवन के अनुभवों से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की बेहतरी के लिए सभी को अपनी ओर से बेहतर योगदान देना चाहिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव ने कहा कि वृद्धाश्रम की आवश्यकताओं को समय-समय पर पूरा किया जाएगा।
यहां निवासरत बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले चाँद बी को शतायु सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें श्रीफल एवं सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में वृद्धजनों के लिए चम्मच दौड़ एवं कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
वृद्धजनों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे वृद्धजनों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों को सुना तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। आयोजन में वृद्धजनों के प्रति समाज में सम्मान, अपनत्व और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के सहयोगी के रूप में वृद्धाश्रम संचालक एवं सार्थक सेवा आश्रय समिति की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम में आयुष विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में समाजसेवी श्री वल्लभ तोषनीवाल एवं श्री राजकुमार वैष्णवी सहित समाज सेवी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में वृद्धाश्रम के संचालक श्री बलराम काले ने सभी का आभार व्यक्त किया।
