मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घुघरी श्री संस्कार बावरिया ने विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत गजराज स्थित आँगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। केंद्र में 22 बच्चे उपस्थित मिले। एसडीएम ने बच्चों से संवाद कर नाश्ते एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों द्वारा सुनाई गई कविता भी सुनी। साथ ही बच्चों की उपस्थिति एवं वजन संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
ग्राम पंचायत छतरपुर में शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण व्यवस्था एवं संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। उपस्थित हितग्राहियों से खाद्यान्न वितरण एवं दुकान से संबंधित व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया गया।
इसी दौरान ग्राम छतरपुर में वीबी-जी-राम-जी योजना अंतर्गत स्वीकृत ‘ एक बगिया मां के नाम ’ हितग्राही कार्य का निरीक्षण किया गया। हितग्राही श्रीमती कलावती एवं श्री शेरसिंह द्वारा 100 आम के पौधों के साथ अंतरवर्तीय फसल के रूप में सब्जियों की खेती की जा रही है। सभी पौधे जीवित एवं अच्छी स्थिति में पाए गए। एसडीएम ने हितग्राही की लगनशीलता की सराहना की।
कृषि विभाग के सहयोग से कृषक श्री शेरसिंह द्वारा 0.60 हेक्टेयर में की जा रही अश्वगंधा की खेती का भी अवलोकन किया गया। फसल वर्तमान में अंकुरण अवस्था में पाई गई। कृषि विभाग द्वारा फसल के विक्रय की व्यवस्था किए जाने संबंधी जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान एसडीएम श्री संस्कार बावरिया ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
