पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
मेरा युवा भारत निवाड़ी के तत्वावधान में 150 छात्र-छात्राओं ने लिया सहभागिता
निवाड़ी, 25 सितंबर। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत निवाड़ी के तत्वावधान में जिला युवा अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के निर्देशानुसार नगर परिषद जेरोन स्थित पीएमश्री शासकीय कन्या हाई स्कूल जेरोन एवं शासकीय आईटीआई कॉलेज जेरोन के संयुक्त परिसर में छात्र-छात्राओं के मध्य भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पीएमश्री शासकीय कन्या हाई स्कूल जेरोन के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार बिदुआ मुख्य अतिथि तथा शिक्षक श्री धर्मेश बिदुआ विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय आईटीआई कॉलेज के प्रशिक्षण अधिकारी श्री शुभम दुबे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में दोनों संस्थानों के 40 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभागिता की। निर्णायक की भूमिका निभाते हुए शिक्षक श्री धर्मेश बिदुआ ने सभी प्रतिभागियों के भाषणों का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कु. अंजलि कुशवाहा ने प्रथम, कु. फरहा बानो ने द्वितीय तथा कु. कल्पना कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण के उपरांत मेरा युवा भारत निवाड़ी के ब्लॉक पृथ्वीपुर के स्वयंसेवक श्री शशांक रावत द्वारा मेरा युवा भारत निवाड़ी की ओर से मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार बिदुआ, कार्यक्रम अध्यक्ष श्री शुभम दुबे एवं विशिष्ट अतिथि श्री धर्मेश बिदुआ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी अतिथियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में पीएमश्री शासकीय कन्या हाई स्कूल जेरोन की लगभग 100 छात्राओं तथा शासकीय आईटीआई कॉलेज जेरोन के लगभग 50 छात्रों सहित कुल 150 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार एवं मिष्ठान का वितरण किया गया।
