सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शासकीय महिला महाविद्यालय, नरसिंहपुर में महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय में छात्राओं ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति विषय पर जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, वहीं नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता रैली के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने तथा स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र उमरिया में हुआ पौधरोपण

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशु चिकित्सा विभाग द्वारा बकरी प्रजनन प्रक्षेत्र उमरिया में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के विषयों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।