कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की जांच तथा गर्भवती महिलाओं की पोषण एवं स्वास्थ्य जांच की गई।
साथ ही विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार में दाल, अनाज, हरी सब्जियां एवं मौसमी फलों को शामिल करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के अंतर्गत ‘ मेरी पोषित थाली ’ का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। महिलाओं, बच्चों एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजनों की विधि का प्रदर्शन, स्वास्थ्य एवं पोषण आधारित चित्रकला तथा स्वस्थ शिशु गतिविधियां आयोजित की गईं। माताओं एवं बहनों का सम्मान करने के साथ ही बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों, माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा समुदाय की जनभागीदारी को सशक्त बनाना है। जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सहभागिता एवं सामाजिक सरोकार की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
