मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा शुक्रवार को गौहरगंज में शासकीय कन्या माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और खेल-खेल में उनसे पढ़ाई, सामान्य ज्ञान तथा दैनिक जीवन से जुड़े सवाल पूछकर उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता तथा जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी भी साथ रहे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का माहौल बच्चों की मुस्कान और उत्साह से भर गया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने छात्राओं के साथ सहज और प्रेरणादायी बातचीत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया आनंददायक होनी चाहिए और खेल-खेल में सीखना बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था, उपस्थिति, पाठ्य सामग्री, स्वच्छता और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों और बच्चों के सीखने के स्तर के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा, एसपी श्री गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री सोलंकी तथा अन्य अधिकारियों ने छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया।