सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में छोटे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को अभिव्यक्त किया। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को उनकी रचनात्मक प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों को केंद्र में रखते हुए आकर्षक चित्र बनाए। अनेक विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों में उकेरते हुए देश में हो रहे विकास कार्यों, आधुनिक सुविधाओं, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे मनोयोग से चित्र तैयार किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनाओं की सराहना की और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत’ गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों और कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।