मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादन के साथ खरीदी, सिंचाई, बिजली, प्रसंस्करण और कृषि आधारित गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस वर्ष भी किसानों से धान, बाजरा और ज्वार की सीधी खरीदी करेगी। किसानों का पंजीयन जारी है, इसलिए समय पर पंजीयन कराकर खरीदी व्यवस्था का लाभ लें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी के अहिल्याबाई सभागार में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद करते हुए सीधी की कृषि विविधता और श्रीअन्न उत्पादन की सराहना की तथा किसान कल्याण के लिए सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में 15 जुलाई से 13 नवंबर 2026 तक क्रमबद्ध रूप से किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक, आधुनिक कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन तथा कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों की जानकारी देकर उत्पादन और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी का नाम ही नहीं, यहां के लोगों का मन और काम भी सीधा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं में सीधी जिले को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, अगले सीजन से किसानों को दिन में ही 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें रात में खेतों की सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने कृषि उपज के मूल्य संवर्धन के लिए फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को बढ़ावा देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कृषि के साथ पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन और मत्स्यपालन को आय के अतिरिक्त साधन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 25 गाय या 25 भैंस की डेयरी के लिए 40 लाख रुपये तक की योजना में 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। गांव-गांव में समितियां गठित कर सांची के माध्यम से दूध खरीदी को विस्तार देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कृषि क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। तकनीक, सिंचाई, आधुनिक कृषि संसाधनों और किसान हितैषी योजनाओं से किसानों के लिए विकास के नए अवसर तैयार हुए हैं। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
सीधी के श्रीअन्न और महुआ प्रसंस्करण की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीधी के कोदो, कुटकी, मेझरी और सांवा जैसे श्रीअन्न की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि मिलेट को प्रोत्साहित किए जाने से जिले के श्रीअन्न उत्पादक किसानों के लिए बाजार और आय के नए अवसर तैयार होंगे। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा किए जा रहे महुआ प्रसंस्करण की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने जिले के पंजा-दरी और कालीन जैसे ओडीओपी उत्पादों को बढ़ावा देने तथा पर्यटन के विकास पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों में मूल्य संवर्धन कर उन्हें बाजार से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी। इसके तहत राज्य परिवहन की बसें संचालित होंगी।
प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना से सीधी को मिलेंगे नए अवसर - सांसद
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी जिले को प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में शामिल किए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योजना में देश के 100 और मध्यप्रदेश के 8 जिले शामिल हैं तथा करीब 1.7 करोड़ किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि योजना में 11 मंत्रालयों के 36 कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें फसल विविधीकरण के साथ किसानों को पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और अन्य गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया है। सांसद ने सीधी के आउटकम बेस्ड रैंकिंग में देश में प्रथम रहने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड सहित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी तथा कृषकों को आगे आकर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा दुग्ध डेयरी समितियों के गठन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह एवं देव कुमार सिंह ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत बीज, नवीन कृषि तकनीक, आधुनिक कृषि पद्धतियों और फसल प्रबंधन की जानकारी दी। उत्पादन एवं आय बढ़ाने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया गया। विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टॉलों पर उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से भी कृषि विकास का संदेश दिया गया।
प्रगतिशील किसानों ने साझा किए अनुभव
“खेती को लाभ का धंधा कैसे बनाएं” विषय पर संगीता मिश्रा मझरेटी खुर्द सिहावल, विपिन शुक्ला मनकीसर रामपुर नैकिन, सजन सिंह बरमानी सीधी, विष्णुकांत कुशवाहा भैसरहा रामपुर नैकिन एवं आरती सिंह टीकटकला सीधी ने अपने अनुभव साझा किए।
मत्स्यपालन, कस्टम हायरिंग सेंटर, प्राकृतिक खेती, दाल उत्पादन, बेसन प्रोसेसिंग, राइस मिल, भैंस पालन और सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वेता सिंह, सिद्धार्थ सिंह, विवेक सिंह चौहान, संगीता मिश्रा, रीतू सिंह, बैयंत सिंह, रोहित कुमार मिश्रा, उर्मिला साहू, सौखीलाल यादव एवं गुलाब सिंह को सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभय गुप्ता, प्रिंस पटेल, चैतन्य सिंह चौहान, प्रिंस सिंह चौहान, आदित्य तिवारी, शिवाक्षत शुक्ला, आदर्श सिंह, आदर्श गुप्ता, यश चतुर्वेदी एवं गरिमा दुबे को सम्मानित किया गया।
हितग्राहियों को ऋण एवं योजनाओं का लाभ
उद्योग विभाग द्वारा संजीव जायसवाल को परिवहन टूर एंड ट्रैवल्स के लिए 25 लाख रुपये, रामदयाल यादव को नमकीन व्यवसाय के लिए 10 लाख रुपये तथा मे. बढ़ौरानाथ कृषि ई-फेड, बहरी को ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों के लिए 15.30 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। आजीविका मिशन अंतर्गत राधा स्व सहायता समूह को 05 लाख रूपये का सीसीएल वितरित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा सुमन केवट महिला मछुआ सहकारी समिति को 2 लाख रुपये तथा श्यामवती केवट मां कालिका महिला मछुआ सहकारी समिति को 2.20 लाख रुपये का मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किया गया।
रोहित कुमार मिश्रा को बेसन प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई के लिए 10 लाख रुपये तथा उर्मिला साहू को ट्रैक्टर ऑपरेटेड राइस मिल के लिए 3 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्र तथा राष्ट्रीय दलहन कार्यक्रम के तहत बीज का हितलाभ भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, राज्य स्तरीय प्रभारी कपिल यार्दे, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति की सभापति हीराबाई सिंह, जनपद कृषि स्थायी समिति की सभापति नीतू सिंह, पूर्व अध्यक्ष विंध्य विकास प्राधिकरण सुभाष सिंह, विश्वबंधुधर द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, उप संचालक कृषि आर.एस. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।