जिले में मछुआ समुदाय की आजीविका को सुदृढ़ करने और स्थानीय मत्स्य संसाधनों के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आदिवासी मछुआरा सहकारी समिति, मुड़वानी के सदस्यों को एक लाख मिश्रित मत्स्य बीज निःशुल्क उपलब्ध कराकर मुड़वानी जलाशय में संचय किया गया। जिले में वर्तमान में शासकीय मत्स्य बीज हैचरी उपलब्ध नहीं होने के कारण मत्स्य बीज की व्यवस्था बाहर से करनी पड़ती है।
मछुआ समुदाय की आजीविका को तत्काल सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल की पहल पर बाहर से मत्स्य बीज की व्यवस्था कर समिति को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, ताकि जलाशय में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिले और समिति के सदस्यों को आने वाले समय में मत्स्याखेट के माध्यम से बेहतर आजीविका के अवसर प्राप्त हो सकें।मुड़वानी जलाशय में एक लाख मिश्रित मत्स्य बीज का संचय जलाशय की मत्स्य उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय मत्स्य संसाधनों के संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
इससे आदिवासी मछुआरा सहकारी समिति से जुड़े परिवारों की आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिले में मत्स्य बीज की दीर्घकालिक एवं स्थानीय उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। भविष्य में जिले के मछुआ समुदाय को मत्स्य बीज के लिए बाहर से व्यवस्था करने पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए कलेक्टर की पहल पर एनसीएल के सीएसआर मद से 67.57 लाख रुपये की लागत से शासकीय मत्स्य बीज हैचरी का निर्माण प्रारंभ कराया गया है। हैचरी वर्तमान में निर्माणाधीन है।
हैचरी के पूर्ण होने के बाद जिले में ही गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज का उत्पादन किया जा सकेगा और मछुआ समुदाय तथा विभिन्न मछुआ सहकारी समितियों को शासकीय दर पर स्थानीय स्तर पर मत्स्य बीज उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे बाहर से मत्स्य बीज मंगाने की निर्भरता कम होगी और जिले में मत्स्य पालन को अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक रूप से बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रकार, जिला प्रशासन द्वारा वर्तमान में मछुआ समुदाय की तत्काल आवश्यकता के लिए बाहर से मत्स्य बीज की व्यवस्था कर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, वहीं भविष्य के लिए जिले में ही मत्स्य बीज उत्पादन की स्थायी व्यवस्था विकसित की जा रही है। इस अवसर पर आदिवासी मछुआरा सहकारी समिति मुड़वानी के अध्यक्ष श्री छोटेलाल बैंगा सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
समिति के सदस्यों ने मत्स्य बीज उपलब्ध कराने की पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।