विदिशा तहसील के ग्राम विघन में श्मशान घाट के लिए पहले से आवंटित भूमि अतिक्रमण मुक्त मिली है। शनिवार को हुए संयुक्त निरीक्षण में अधिकारियों ने यह भी पाया कि स्थल तक पहुंचने के लिए पर्याप्त सड़क सुविधा उपलब्ध है।

खसरा नंबर 6 की जमीन का लिया जायजा

शहर तहसीलदार प्रीति पंथी और जनपद पंचायत विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गगन वाजपेयी ने मौके पर भूमि, उपलब्ध सुविधाओं और आवागमन की स्थिति देखी। निरीक्षण में खसरा नंबर 6 की आवंटित जमीन पर किसी तरह का अतिक्रमण नहीं पाया गया।

अधिकारियों ने भूमि के साथ आसपास के क्षेत्र का भी अवलोकन किया। ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

बारिश से सड़क पर आया कीचड़ हटाने के निर्देश

निरीक्षण के समय धान के खेतों से बारिश का कीचड़ सड़क पर आने की स्थिति सामने आई। संबंधित अमले को इसे तत्काल हटाने और आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए कहा गया।

ग्राम विघन विदिशा नगर के निकट है और ग्रामीण परंपरागत रूप से अंतिम संस्कार के लिए शहर स्थित शांति धाम का उपयोग करते रहे हैं। अधिकारियों ने स्थानीय स्थिति और ग्रामीणों की व्यावहारिक जरूरत को देखते हुए ग्राम पंचायत अमले को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।