मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने ग्यारसपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पुरागोसाई पहुंचकर एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता बच्चों की कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं, जिस पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी रुचि अनुसार जवाब दिए। कलेक्टर ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय में खेल गतिविधियों का नियमित संचालन प्रारंभ कराया जाए, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने हरित परिसर विकसित करने के साथ विद्यालय में झूले एवं अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों में विद्यालय आने के प्रति रुचि बढ़े।
कलेक्टर ने विद्यालय में बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि विकसित करने और पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में लाइब्रेरी प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे तथा दशहरा एवं दीपावली जैसे भारतीय पर्वों के महत्व तथा उनसे जुड़ी पौराणिक मान्यताओं की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से साझा की।
निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय की आवश्यकताओं का अवलोकन कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही।
