कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत भ्रमण के दौरान वनमंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव के साथ वन विभाग द्वारा आरक्षित वन क्षेत्रों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा वन क्षेत्र में वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन परिक्षेत्र शमशाबाद अंतर्गत हड़ा आरक्षित वन (आरएफ), कक्ष क्रमांक 238 में कैम्पा योजना के तहत किए गए वृक्षारोपण कार्य का निरीक्षण किया।
वन विभाग द्वारा वर्ष 2022-23 में क्षेत्र की तैयारी कर 50 हेक्टेयर रकबे में कैम्पा योजना के अंतर्गत वृक्षारोपण कराया गया है। इस क्षेत्र में सागौन एवं मिश्रित प्रजातियों के कुल 50 हजार पौधों का रोपण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने रोपित पौधों की स्थिति तथा वन क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों का जायजा लिया।
वनमंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव ने कलेक्टर को वृक्षारोपण की जानकारी देते हुए बताया कि वन क्षेत्र को प्राकृतिक रूप से सुरक्षित रखने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने पौधों के संरक्षण, वन क्षेत्र की सुरक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया।
उक्त वृक्षारोपण ग्राम वन समिति झिरी के अंतर्गत वृत्त क्षेत्र वर्धा, बीट झिरी में स्थित है। वन विभाग द्वारा कैम्पा योजना के माध्यम से आरक्षित वन क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने, पौधों के संरक्षण और वन संपदा को समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
